अल्मोड़ा। उपपा कार्यालय में आयोजित बैठक में वक्ताआें ने कहा कि सरकारें हर व्यक्ति हर व्यक्ति को निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई हैं।
कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापार बनाने और उनका निजीकरण कर बीमा एजेंसियों की लूट खसोट का साधन बनाने का उपपा विरोध करेगी। पार्टी की केंद्रीय सचिव आनंदी वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजकीय संग्रहालय प्रभारी रही मंजू तिवारी की पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि पांच साल पूर्व गलत इलाज के कारण उनका आकस्मिक निधन हो गया था। वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में नीतिगत बदलाव के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करेगी।
उन्होंने सरकार से अस्पतालों में व्यवस्था ठीक करने, स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती करने की भी मांग की। बैठक में रेखा धस्माना, पीसी तिवारी, वंदना कोहली, लीला आर्या, वसीम अहमद, गोपाल राम, राजू गिरि आदि थे।