चौखुटिया (अल्मोड़ा)। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धनसिंह रावत ने कहा है कि चौखुटिया महाविद्यालय को तीन विषयों के साथ जल्द ही पीजी का दर्जा दे दिया जाएगा। कहा कि महाविद्यालय 25 दिसंबर से पहले नए भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पच्चीस दिसंबर तक प्रवक्ताओं के रिक्त पदों पर शत-प्रतिशत नियुक्ति कर दी जाएगी।
डॉ. रावत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि चौखुटिया नगर पंचायत शीघ्र अस्तित्व में आ जाएगी। चौखुटिया और श्रीनगर आदि क्षेत्रों में नगर पंचायत के चुनाव फरवरी में भी हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चौखुटिया महाविद्यालय की शीघ्र ही तीन विषयों के साथ पीजी का दर्जा दे दिया जाएगा। फिलहाल एमए में हिंदी में कक्षाएं संचालित कर दी गई हैं। कहा कि बीएससी और बीकाम खोलने का भी शीघ्र प्रयास किया जाएगा। गैरसैंण राजधानी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर बोलने के लिए मुख्यमंत्री और संसदीय मंत्री ही अधिकृत हैं। इससे पहले चौखुटिया पहुंचने पर विधायक
महेश नेगी सहित तमाम लोगों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। बाद में उन्होंने महाविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का निरीक्षण भी किया। पत्रकार वार्ता और स्वागत कार्यक्रम में विधायक महेश नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिंदेश्वरी पांडे, बलवंत नेगी, पूरन संगेला, विनोद छिमवाल, भूपेंद्र सिंह, सावित्री कठायत, गंगासिंह रावत, दीपक हर्बोला, गुड्डू कठायत आदि तमाम लोग मौजूद थे।