अल्मोड़ा। कुमाऊं विवि एसएसजे परिसर में अधिष्ठाता छात्र कल्याण की अध्यक्षता में छात्र संघ पदाधिकारियों और इस बार होने जा रहे छात्र संघ चुनाव में संभावित प्रत्याशियों की बैठक में चुनावों को शांति पूर्वक संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में इस सत्र का वार्षिकोत्सव पांच सितंबर को आयोजित करने पर विचार किया गया।
बैठक में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.पीएस बिष्ट ने बताया कि छात्र संघ चुनावों को लेकर शासन से स्थिति स्पष्ट होने पर पांच सितंबर को वार्षिकोत्सव कराए जाने की संभावना है। इसके बाद छात्र संघ चुनाव कराए जा सकते हैं। हालांकि इस बारे में अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। डीएसडब्लू ने छात्र संघ के संभावित प्रत्याशियों को छात्र संघ चुनाव से संबंधित नियमों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिनियम के अनुसार प्रत्याशी परिसर के बाहर किसी भी सरकारी अथवा निजी संपत्ति, सरकारी दीवारों, पोलों आदि पर प्रचार सामग्री नहीं लगा सकते।
उन्होंने यह भी बताया कि परिसर के बाहर छात्र जुलूस भी नहीं निकाल सकते। पुलिस की ओर से पहुंचे प्रतिनिधि एसआई संतोष देवरानी ने यातायात नियमों की जानकारी दी। प्रो. बिष्ट ने कहा कि इन प्राविधानों का उल्लंघन किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर छात्र संघ पदाधिकारियों ने परिचय पत्र बनाने सहित अन्य समस्याएं रखीं। बैठक में डीएसडब्लू प्रो.पीएस बिष्ट, प्रो. बीसी तिवारी, डॉ. देवेंद्र बिष्ट, लियाकत अली, मनीष तिवारी के अलावा छात्र संघ अध्यक्ष सुनील कठायत, महासचिव आशीष पंत, छात्रा उपाध्यक्ष मनीषा, कोषाध्यक्ष मनीष टम्टा, उपसचिव दीपक कनवाल आदि मौजूद थे।