अल्मोड़ा। नगर के लोअर मालरोड स्थित शराब के गोदामों को वहां से हटाने की मांग को लेकर खत्याड़ी के ग्रामीणों समेत अन्य लोगों ने शनिवार को लोअर माल रोड में स्वजल कार्यालय के समीप जाम लगा दिया और नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान सड़क में दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जिला आबकारी अधिकारी (डीईओ) मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से वार्ता कर समस्या का समाधन करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि लोअर माल रोड में शराब कंपनियों के कई गोदाम हैं। शराब के गोदामों के आसपास स्कूल और बेस अस्पताल है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदामों से अवैध रूप से शराब भी बेची जाती है। इस कारण स्कूली छात्र-छात्राओं पर बुरा असर पड़ रहा है। शाम होते ही क्षेत्र में शराबियों का आतंक बढ़ जाता है। कई बार शराबी स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों और अस्पताल आने वाले रोगियों के साथ अभद्रता करते हैं। जाम लगने की सूचना मिलने पर आबकारी निरीक्षक टीसी पुरोहित मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी जिला आबकारी अधिकारी को बुलाने पर अड़े रहे। बाद में जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से वार्ता कर तीन दिन के भीतर मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान संगठन हवालबाग के अध्यक्ष हरीश कनवाल ने यह भी आरोप लगाया कि तीन दिन पहले जिला आबकारी अधिकारी ने उनसे फोन पर बात के दौरान अभद्रतापूर्ण बात की। इसके लिए मौके पर पहुंचे जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी ने उनसे खेद जताया। वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया।
धरना प्रदर्शन और जाम लगाने वालों में प्रधान संगठन अध्यक्ष हरीश कनवाल, ब्लाक प्रमुख सूरज सिराड़ी, पूर्व प्रधान हर्ष कनवाल, कमलेश कनवाल, केपी जोशी, प्रधान शेर सिंह, नवीन बिष्ट, गोपाल सिंह, मदन बिष्ट, भाजयुमो नगर अध्यक्ष अमित बिष्ट, कुमाऊं सह संयोजक विनीत बिष्ट, हेमा भंडारी, राहुल बोरा, रंजना टम्टा, सुनीता देवी, योगी सुंदरनाथ, शंकर जोशी, बबलू कनवाल, देव सिंह कनवाल, पंकज कनवाल, भाजयुमो उपाध्यक्ष अशोक कनवाल, ज्येष्ठ उप प्रमुख महेश चंद्र, प्रदेश संगठन अध्यक्ष देवेंद्र नयाल, नाथू सिंह कनवाल आदि थे।
सड़क में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी
जिला आबकारी अधिकारी से वार्ता के बाद खोला जाम