अल्मोड़ा। चिकित्सा प्रबंधन समिति महिला चिकित्सालय की आवश्यक बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ईवा आशीष ने महिला अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिला अस्पताल में दो प्राइवेट वार्ड बनाने, अस्पताल के लिए दो कंप्यूटर, चार एसी हीटर और फ्रिज खरीदने की स्वीकृति भी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक माह अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, अस्पतालों में जाकर दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों द्वारा बाहर से दवाइयां मंगाए जाने के मामलों को देखने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने, क्रय किए जाने वाले उपकरण या सामग्री के लिए तुरंत अनुमति लेने और महिला अस्पताल के लिए जनरेटर क्रय करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेस अस्पताल में डायलेसिस मशीन ठीक करने और मोर्चरी में शवों को रखने की पूर्व व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए साथ ही महिला अस्पताल के लिए दो कंप्यूटर, चार एसी हीटर और फ्रिज खरीदने की स्वीकृति भी प्रदान की।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में जाकर दवाइयों की उपलब्धता और बाहर से दवाइयां लिखे जाने की शिकायतों को भी देखने को कहा। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी, संचालन समिति सदस्यों, सांसद प्रतिनिधि अशोक पांडे, किशन गुरुरानी, विधायक प्रतिनिधि विद्या बिष्ट और रमा जोशी के सुझाव पर जिलाधिकारी ने महिला अस्पताल में दो प्राइवेट वार्ड बनाने की भी स्वीकृति दी। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट की अल्ट्रासाउंड मशीन को संचालित करने, सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करने को भी कहा। बैठक में कोषाधिकारी प्रकाश पंत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सविता ह्यांकि, दीपक भट्ट, गिरीश फुलारा, ग्रास संस्था के गोपाल सिंह, डीएस बिष्ट, हिमांशु स्यूनरी आदि मौजूद थे।