अल्मोड़ा। नगर से कसारदेवी तक रज्जू मार्ग बनाने की उम्मीद जगी है। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के निर्देश के बाद पर्यटन विभाग हरकत में आया है और इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। अब इस मामले में शासन स्तर से कार्रवाई होनी है।
पर्यटन स्थल कसारदेवी से हिमालय की श्रंखला के साथ ही सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा आकर्षक दिखाई देता है।
कसारदेवी काफी संख्या में देसी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। नगर के लोग और होटल व्यवसायी लंबे समय से शहर से कसारदेवी समेत अन्य स्थान तक रज्जू मार्ग बनाने की मांग विभिन्न मंचों पर उठा चुके हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूर्व में सरकारें और जनप्रतिनिधि अल्मोड़ा नगर से कसारदेवी तक रज्जू मार्ग बनाने की कई बार घोषणाएं कर चुकी हैं, लेकिन इन घोषणाओं पर अमल नहीं हो सका है।
पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा नगर से कसारदेवी तक रज्जू मार्ग बनाने की सरकार ने पूर्व में घोषणा की थी, लेकिन इस पर लंबे समय बाद भी अमल नहीं हो सका है। गत 28 अगस्त को नंदादेवी महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज अल्मोड़ा आए थे। उन्होंने रज्जू मार्ग बनाने के लिए कार्रवाई के निर्देश पर्यटन विभाग को दिए थे।
मंत्री के निर्देश के बाद पर्यटन विभाग ने शहर से कसारदेवी तक रज्जू मार्ग निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया प्रस्ताव तैयार कर सितंबर में शासन को प्रेषित कर दिया गया है। रोपवे निर्माण के लिए शासन स्तर से परीक्षण कराने के बाद स्थान चिन्हित कर काय4 प्रगति की ओर बढ़ेगा।