सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ज्ञानोदय जूनियर हाइस्कूल में हुई बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने भाजपा सरकार को जनविरोधी, गरीब विरोधी सरकार बताया और सरकार की नीतियों की आलोचना की।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में रसोई गैस की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। सस्ते गल्ले की दुकानों से मिलने वाले राशन के दाम बढ़ा दिए हैं। चीनी, मिट्टी तेल का आवंटन बंद कर दिया गया है। प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं। भाजपा मात्र कोरी घोषणाएं कर जनता को गुमराह कर रही है। बैठक में कांग्रेस प्रदेश इकाई द्वारा पीसीसी सदस्य विधानसभा क्षेत्र से बाहर के लोगों को बनाए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी से आग्रह किया गया कि इस निर्णय को वापस ले।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक और प्रदेश की मंत्री रेखा आर्या के पति पर किडनी प्रकरण में गंभीर आरोप लगे हैं। मुख्यमंत्री इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही मंत्री रेखा आर्या से पद से त्यागपत्र देने की मांग की गई। बैठक में संगठन के गठन और विस्तार पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल ने और संचालन महामंत्री बालम भाकुनी ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, हवालबाग ब्लाक इकाई के अध्यक्ष गोपाल खोलिया, अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, लाल सिंह बजेठा, सुरेश बोरा, भानु प्रकाश जोशी, राजेंद्र बोरा, बबलू अल्मियां, महेश पांडे, प्रकाश खाती, रमेश भाकुनी, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपा जोशी, उपाध्यक्ष चंपा आर्या, कोषाध्यक्ष चंद्रा आर्या, त्रिलोक सिंह, ललित कुमार, कुंदन भंडारी, राम सिंह दोसाद, चंद्रशेखर लोहनी, गोपाल सिंह मेहरा, गिरीश राम, शंकर प्रसाद आदि ने भाग लिया।