अल्मोड़ा। जिले में तहसीलदारों के 12 पदों में नौ पद और नायब तहसीलदारों के स्वीकृत 17 पदों में से 12 पद खाली चल रहे रहे हैं। तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के पद खाली होने से तहसीलों में प्रशासनिक कार्यों के अलावा राजस्व, पुलिस कार्य प्रभावित हो रहा है। तहसीलों में प्रशासनिक कार्य के अलावा राजस्व, पुलिस, जन हित कार्य जैसे प्रमाण पत्रों की जांच, दैवीय आपदा कार्य की जिम्मेदारी तहसीलदार और नायब तहसीलदार के जिम्मे होती है, लेकिन जिले की अधिकांश तहसील और उपतहसीलों में तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के कुल 21 पद रिक्त हैं। वर्तमान में अल्मोड़ा, सोमेश्वर, रानीखेत, भिकियासैंण, सल्ट, स्याल्दे, चौखुटिया, द्वाराहाट, जैंती, भनोली, लमगड़ा और धौलछीना लगाकर 12 तहसीलें हैं।
इन तहसीलों में से केवल अल्मोड़ा, रानीखेत और सल्ट में ही तहसीलदार काम कर रहे हैं जबकि अन्य सभी तहसीलें तहसीलदार बगैर चल रही हैं। यही हाल नायब तहसीलदार के पदों का भी है। जिले में चार उप तहसील हैं इनमें मछोड़, बग्वालीपोखर, जालली और ध्याड़ी शामिल हैं, जबकि नायब तहसीलदार के जिले में 17 पद स्वीकृत हैं लेकिन, केवल अल्मोड़ा, जैंती, चौखुटिया, भिकियासैंण और उप तहसील मछोड़ में ही नायब तहसीलदार कार्य कर रहे हैं, जबकि 12 पद रिक्त हैं। इधर एडीएम कैलाश सिंह टोलिया ने बताया कि तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के रिक्त पदों के लिए शासन और राजस्व आयुक्त को पत्र भेजे गए हैं। जिसमें इन पदों के रिक्त होने के कारण आ रही दिक्कतों के बारे में भी लिखा गया है।