ग्रामीण क्षेत्रों से गोकशी के लिए मुरादाबाद ले जाए जा रहे 14 गोवंशीय पशुुओं को पुलिस ने तस्करों के चंगुल से मुक्त करा लिया। चेकिंग के दौरान तड़के पिलखोली बैैरियर पर यह कार्रवाई हुई। सीज किए गए ट्रक में कुल 17 पशु थे, जिसमें से तीन पशुुओं की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। पकड़े गए तस्कर को पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया है। बताया गया है कि ट्रक में पशुुओं को ठूंस ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार काकरखेड़ा ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी जावेद हुसैन पुत्र खलील हुसैन ग्रामीण क्षेत्रों से 16 बैल और एक गाय सहित कुल 17 गोवंशीय पशुओं को ट्रक संख्या यूके 04-टीए 9818 में ठूंस ठूंसकर मुरादाबाद ले जा रहा था, भनक लगते ही पुलिस ने यहां पिलखोली बैैरियर पर वाहन को रोककर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि दम घुटने से तीन पशुओं की मौत हो चुकी थी। जबकि शेष 14 जानवरों को बाजपुर गो सदन केंद्र भेज दिया गया है। कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि तस्कर के अनुसार जानवरों को गोकशी के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपी को उत्तराखंड गो संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, धनी चन्याल, मनोज रावत, राजेश भट्ट आदि शामिल थे।