अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने और सुनाने की शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री 29 जनवरी को तालकटोरा स्टेडियम दिल्ली में देशभर के चयनित बच्चों से दिन में 11 से एक बजे तक परीक्षा पर चर्चा करेंगे।
पूरे देश में प्रधानमंत्री द्वारा बच्चों से परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण किया जाना है। शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने और सुनाने के लिए टेलीविजन और रेडियो की व्यवस्था की है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं।
इन दिनों जिले के अधिकांश विद्यालयों में शीतकावकाश भी चल रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचबी चंद ने बताया कि जिन विद्यालयों में शीतावकाश हैं। उन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों से कहा गया है कि संभव हो सके तो बच्चों को विद्यालय बुलाएं और प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम दिखाएं। इधर प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल जाखनदेवी के दसवीं के छात्र लोकेश सिंह पवार भी भाग ले रहे हैं।