रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्रिसमस के उपलक्ष्य में यहां कनोसा कान्वेंट में बच्चों के बीच तमाम कार्यक्रम हुए। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने समा बांध दिया। प्रभु ईशु मसीह के जन्म को लेकर लघु नाटिका ने सभी को जीवन में अच्छा कार्य करने की सीख दी। मुख्य अतिथि फादर राकेश एवं ब्रदर राजेश ने जीजस की दया, क्षमा और प्रेम के उपदेशों के बारे में बताया। उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रबंधक सिस्टर वेरोनिका ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं और उपस्थित अभिभावकों से जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा ही आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुशियों को बांटने से उनका महत्व बढ़ जाता है। प्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेसी मडावना ने सभी का आभार जताया। इससे पूर्व जूनियर केजी और सीनियर केजी के बच्चों ने जीजस के जन्म के आगमन की सूचना से सभी को अवगत कराया।
कक्षा एक और दूसरी के बच्चों ने जीजस के जन्म के उत्साह को नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस बीच सांता क्लास ने भी सभी को टाफियां वितरित कीं। शिक्षिकाओं ने भी गीत आदि प्रस्तुत किए। इस दौरान कैंट बोर्ड सभासद संजय पंत, मनोज नैनवाल, मोहित नेगी, दिनेश टम्टा, अमित कुमार, पीएस सक्सेना, मनोज पाठक सहित तमाम अभिभावक भी मौजूद थे।