मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट के शहीद चूड़ामणि इंटर कालेज खुमाड़ में शिक्षकों के अभाव के चलते शनिवार को गांव के ग्राम प्रधान और स्कूली बच्चों ने शिक्षकों की मांग को लेकर स्कूल गेट में धरना दिया और नारेबाजी की। विद्यालय में शिक्षकों के दस पद खाली हैं जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
छात्रों का कहना है कि बीते 30 अक्तूबर को उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा था जिसमें शिक्षकों के पद भरे जाने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र राजनीतिक शास्त्र, वाणिज्य, भौतिक विज्ञान, रसायन, समाजशास्त्र, गणित विषय के प्रवक्ता और एलटी में विज्ञान वर्ग के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं।
प्रधान श्याम सिंह भंडारी ने बताया कि इंटर विज्ञान वर्ग में पढ़ाने के लिए कोई भी शिक्षक नहीं है। जबकि कला वर्ग की कक्षाएं एक शिक्षक के सहारे चल रही हैं। स्कूल में पांच साल पहले 400 बच्चे थे अब 70 बच्चे रह गए हैं। प्रधान ने बताया कि सरकार ने स्कूल में एक और कक्ष के लिए टेंडर कर दिए हैं जबकि शिक्षकों की भारी कमी के कारण स्कूल बंद होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द पद नहीं भरे गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।