अल्मोड़ा। वेतन का समय पर भुगतान करने समेत अन्य मांगें पूरी नहीं होने से नाराज रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सात अगस्त से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाने का एलान किया है। हड़ताल से रोडवेज बसों के संचालन में भी दिक्कतें आ सकती हैं।
परिषद के शाखा मंत्री सुरेश सिंह नेगी ने बताया कि वेतन का समय पर भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आउट सोर्सिंग से रखे कर्मचारियों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह देने, डीए और राष्ट्रीय पर्व पर ओवर टाइम करने का भुगतान करने आदि मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मांगें पूरी नहीं होने पर परिषद ने सात अगस्त से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाने का निर्णय लिया है। परिषद से चालक, परिचालक, कार्यशाला समेत प्रशासनिक कार्यालय के कई कर्मचारी जुड़े हैं। खासकर चालक और परिचालकों के हड़ताल में शामिल होने पर रोडवेज बसों के संचालन में दिक्कतें खड़ी हो सकती हैं। ब्यूरो