अल्मोड़ा। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटे में राज्य में ओलावृष्टि और आंधी चलने की संभावना जताई है। इसके चलते डीएम ईवा आशीष ने एहतियातन मंगलवार को जिले के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। उन्होंने लोगों से आंधी के समय घर पर रहने, पेड़, तारों, खंभों से दूर रहने, बिजली चमकते समय मोबाइल का प्रयोग न करने की सलाह दी है। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, लोनिवि अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को अपने मोबाइल ऑन रखने के निर्देश दिए हैं। इधर सोमवार को सुबह धूप खिली रही लेकिन दोपहर बाद कुछ देर हवा चलने के साथ रिमझिम बारिश भी हुई।
बागेश्वर। भारत मौसम विभाग द्वारा अगले 48 घंटे में राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज अंधड़, ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। जारी अंधड़, ओलावृष्टि की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आठ मई को जिले के सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। डीएम रंजना राजगुरु ने लोगों से अंधड़ के दौरान हरसंभव घरों में रहने की सलाह दी है। बिजली के खंभों, तारों से दूर रहने के साथ ही उन्होंने खराब मौसम के दौरान बिजली चमकने पर मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी है।