मौलेखाल (अल्मोड़ा)। तहसील सल्ट के कई गांवों में पानी का संकट गहरा गया है। शादी विवाह के दौरान पानी न मिलने पर अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीण दो से पांच किमी दूर से पानी ढो रहे हैं। प्राकृतिक जलस्रोतों में सुबह से लोगों की भीड़ जुट रही है।
सल्ट तहसील के शशिखाल, शंकरखोला, घसकोट, मैथानी, कुन्हील, डहला, भ्याड़ी, नपटुवा, पोखरी, औलेत, वैला, देवायल, हिनौला, रिकवासी, कालीगांव, करगेत, पैंसिया आदि गांवों में पेयजल की किल्लत गहरा गई है। जल संस्थान की योजनाओं से जुड़े गांवों में एक दिन छोड़कर पानी आपूर्ति हो रही है। अन्य गांवों में भी पेयजल संकट गहरा गया है। जल संस्थान द्वारा सड़क से लगे आबादी वाले क्षेत्र में पेयजल टैंकरों से पानी दिया जा रहा है जबकि गांवों में इसकी कोई व्यवस्था नहीं हैं। गांव में हैंडपंप भी नहीं हैं। इस कारण वहां पेयजल संकट काफी गहरा गया है। घसकोट निवासी मोहन सिंह रावत ने बताया कि गांव में पेयजल किल्लत काफी बढ़ गई है। पानी न मिलने पर शादी विवाह के आयोजन में काफी दिक्कतें हो रही है। ग्रामीणों का अधिकतर समय पानी जुटाने में बीत रहा है। डहला गांव निवासी मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि गांव की एकल पेयजल योजना में पानी पूरी तरह सूख चुकी है। ग्रामीण अब दूसरे गांव से पानी ढो रहे हैं। ग्रामीणों का पूरा दिन पानी ढोने में ही बर्बाद हो रहा है। जल संस्थान का खंड कार्यालय जिले से बाहर रामनगर होने के कारण भी ग्रामीण विभागीय इंजीनियरों तक समस्या नहीं पहुंचा पा रहे हैं।