अल्मोड़ा। विधानसभा उपाध्यक्ष और अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी जन औषधि केंद्र की योजना का लाभ आम लोगों को दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग के सचिव और महानिदेशक से वार्ता करके व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहेंगे ताकि लोगों को जन औषधि केंद्रों से सस्ती दवाएं मिल सकें।
अल्मोड़ा के जिला अस्पताल में स्थित जन औषधि केंद्र की स्थिति पर अमर उजाला में छपी खबर पर प्रतिक्रिया जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा आम लोगों को कम से कम दामों में गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। कई लोग बाजार से महंगी दवाएं नहीं खरीद पाते हैं। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर जिले में जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। अल्मोड़ा में जिला और बेस अस्पताल में भी यह केंद्र खुले हैं। चौहान ने कहा कि जन औषधि केंद्र में मिलने वाली दवाएं गुणवत्तापूर्ण होती हैं जबकि इनकी कीमत बाजार से काफी कम होती है लेकिन यह पता लगा है कि डॉक्टर जन औषधि केंद्र की दवाएं नहीं लिख रहे हैं। इस मामले में सरकार उचित कार्रवाई करेगी ताकि लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके। अगर जन औषधि केंद्र में दवाओं की कमी हो तो इसे भी दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह देहरादून बुधवार को देहरादून में इस बारे में स्वास्थ्य सचिव और महानिदेशक से भी वार्ता करेंगे।