अल्मोड़ा। आधार कार्ड का व्यापक इस्तेमाल होने लगा है। बैंक में खाता खोलने से लेकर गैस, राशन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा, बीमा, जमीन, जन्म तिथि, नाम, पता आदि की पहचान के लिए भी आधार कार्ड का होना जरूरी है। इसलिए अब बैंकों में भी आधार कार्ड काउंटर बनाए गए हैं जहां खाताधारकों के आधार कार्ड बनाने के साथ ही पूर्व में बने आधार कार्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि को भी दूर किया जा रहा है।
मुख्य रूप से भारतीय स्टेट बैंक, नैनीताल बैंक, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक में आधार कार्ड बनाने के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। बैंक में खाता खुलवाने को ग्राहकों के हाथों हाथ आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। यही नहीं जिन खाताधारकों के नाम, उम्र, पता आदि में परिवर्तन हुआ है या किसी प्रकार की त्रुटि हुई है उसे भी दूर किया जा रहा है। हालांकि आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी इस दौरान आधार कार्ड बनवाने वाले से शुल्क भी वसूल रहे हैं।
एसबीआई के मुख्य बैंक प्रबंधक एच एल्फा पाउ ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आधार लिंक कराने के लिए बैंकों में काउंटर बनाने की सलाह दी गई थी। जिसके बाद कुछ बैंकों में आधार कार्ड के लिए काउंटर खोले गए हैं। इधर डाकघरों में भी आधार कार्ड बनाने की कवायद शुरू हो रही है। डाक अधीक्षक एसके कंडवाल ने बताया कि जल्द ही डाकघरों में भी आधार कार्ड बनाया जाएंगे।