रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली के डीडा द्वारसौं में अवैध खनन करने वाले बिल्डर के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वन विभाग ने मुख्य संरक्षक को रिपोर्ट भेज दी है।
बता दें कि 22 जनवरी को एक बिल्डर की ओर से डीडा द्वारसौं में जेसीबी लगाकर जमीन का समतलीकरण किया जा रहा था। इस दौरान नाप भूमि पर बगैर अनुमति के चीड़ के 15 हरे पेड़ों का अवैध पातन कर दिया गया था। विभाग ने आरोपी राजेश रावत पर चालानी कार्रवाई की तथा वन विभाग ने पेड़ों के अवैध कटान की जांच की थी। हालांकि प्रशासन की टीम ने वहां पहुंचकर जेसीबी को सीज कर दिया था। वहीं वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पेड़ों के अवैध कटान की पड़ताल शुरू की। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने बताया कि जांच में चीड़ के छोटे-बड़े कुल 15 पेड़ों को अवैध तरीके से काटे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट वन संरक्षक को भेज दी गई है।