अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जिले में रूपांतरण कार्यक्रम को अभियान के रूप में चलाया जाएगा। समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में छह-छह विद्यालयों में रूपांतरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस वर्ष कुल 100 विद्यालयों में रूपांतरण कार्यक्रम चलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम में धनराशि की कमी आड़े नहीं आएगी। इसके लिए जिला स्तर पर धनराशि की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि जहां पर नए भवन बनाए जा रहे हैं वहां पर कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालय में रूपांतरण के अनुरूप पेंटिंग आदि कार्य करा लिए जाएं। उन्होंने खंड शिक्षाधिकारियों से कहा कि जो भी कार्य करा रहे हैं उसमें मुख्य विकास अधिकारी की सहमति प्राप्त कर लें।
उन्होंने कहा कि जो लोग रूपांतरण के लिए विद्यालयों को गोद लेना चाहते हैं उन्हें सम्मान देते हुए विद्यालय में उनके द्वारा दिए गए सहयोग की पट्टिका लगाएं। उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी से अब तक की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने 20 दिसंबर से पूर्व कम से कम तीन विद्यालयों को पूर्ण रूप से तैयार करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिन विद्यालयों को चयनित किया गया है वहां पर शौचालय और पेयजल की व्यवस्था हो इसका ध्यान रखा जाए। मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत विद्यालयों में शौचालय की समस्या को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में सीईओ जगमोहन सोनी, एडीएम कैलाश सिंह टोलिया, एसडीएम विवेक राय, अवधेश कुमार सिंह, गौरव चटवाल, रजा अब्बाल, मोनिका, अभय प्रताप सिंह, अतुल शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दीप भट्ट आदि मौजूद थे।