सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। शुक्रवार शाम ट्रक द्वारा बिजली का पोल क्षतिग्रस्त कर देने से सोमेश्वर घाटी क्षेत्र के करीब पांच दर्जन गांवों में इक्कीस घंटे बिजली गुल रही। इससे बोर्ड परीक्षाथार्थियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शनिवार शाम चार बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
शुक्रवार शाम 7:30 बजे सोमेश्वर घाटी और आसपास के क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। भैसड़गांव, मनान के अलावा सोमेश्वर बाजार के करीब साठ गांवों में रात्रि में बिजली गुल रही। इस कारण बोर्ड परीक्षार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में फोटो स्टेट, फोटोग्राफी, ग्रिल उद्योग, आटा चक्की, इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल के दुकानदारों का काम ठप रहा। बिजली विभाग के अवर अभियंता खुशाल सिंह ने बताया कि पॉवर हाउस से करीब पांच सौ मीटर पहले क्षतिग्रस्त हुए पोल को ठीक करने के लिए दिनभर जुटे रहे। शाम चार बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।