अल्मोड़ा। नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ने शासन के अनुरोध को देखते हुए बेस अस्पताल में स्थित हार्ट केयर यूनिट से स्टाफ वापस बुलाने का निर्णय फिलहाल तीन दिन के लिए टाल दिया है। इसे देखते हुए हार्ट केयर यूनिट का संचालन जारी रखने की मांग को लेकर 20 दिसंबर से प्रस्तावित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम भी तीन दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने बेस अस्पताल में स्थित कुमाऊं की एकमात्र हार्ट केयर यूनिट का संचालन जारी रखने के लिए नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के साथ पिछले साल हुए करार को फिलहाल आगे नहीं बढ़ाया है। साथ ही नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट का करीब एक करोड़ का भुगतान भी रुका हुआ है। इसे देखते हुए नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ने 20 दिसंबर से अपना स्टाफ वापस बुलाने का फैसला कर दिया था।
इस संबंध में अमर उजाला में खबर छपने के बाद अल्मोड़ा में विभिन्न संगठनों में रोष छा गया था। लोगों ने सर्वदलीय समिति गठित करके 20 दिसंबर से आंदोलन शुरु करने का भी ऐलान कर दिया था।
इधर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि हार्ट केयर यूनिट के संचालन के बारे स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य विभाग के निदेशक की नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक डा.ओपी यादव के साथ वार्ता हुई है और शासन ने डा. यादव से फिलहाल 23 दिसंबर तक हार्ट केयर यूनिट को पहले की तरह संचालित करने का आग्रह किया है। सूत्रों के मुताबिक हार्ट केयर यूनिट का संचालन जारी रखने के बारे शासन स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है।
बताया गया है कि शासन के आग्रह को देखते हुए नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ने फिलहाल 23 दिसंबर तक हार्ट केयर यूनिट का संचालन जारी रखने का फैसला किया है। इसके बाद सर्व दलीय समिति ने भी फिलहाल 20 दिसंबर को प्रस्तावित धरना कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। जोशी ने बताया कि 23 दिसंबर के बाद की स्थितियों को देखते हुए आंदोलन के बारे में आगे निर्णय लिया जाएगा।