अल्मोड़ा। आपदा की स्थिति में संचार सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए जिले को 15 सेटेलाइट फोन उपलब्ध हो गए हैं। इन सभी सेटेलाइट फोन को जिला मुख्यालय के अलावा सभी तहसीलों को भेज दिया गया है। राज्य आपदा निधि से तहसीलों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता भी जिला प्रशासन के पास पहुंच चुकी है और आचार संहिता खत्म होने के बाद आवश्यकतानुसार तहसीलों को बांट दी जाएगी। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की तैनाती के लिए भी पत्राचार कर दिया है।
मानसून काल में किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला मुख्यालय के पास राज्य आपदा निधि से तहसीलों में बांटी जाने वाली आर्थिक सहायता पहुंच चुकी है और तहसीलों को यह धनराशि आवश्यकतानुसार बांटी जाएगी। वहीं जिला प्रशासन ने जिले की सभी तहसीलों को सेटेलाइट फोन उपलब्ध करा दिए हैं। ताकि संचार व्यवस्था ध्वस्त होने पर सेटेलाइट फोन की मदद ली जा सके। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी ने बताया कि एनडीआरएफ की तैनाती के लिए पत्राचार कर दिया गया है।
जून में टीम यहां भैंसवाड़ा फार्म में पहुंच जाएगी। इसके अलावा जिले की 44 ग्राम सभाओं में करीब 880 युवा और महिला मंगल दलों को आपदा की स्थिति में निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उनका डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा नालियों, स्क्रवरों को खुलवाने के लिए लोनिवि को जिलाधिकारी की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं। पूर्ति विभाग को अग्रिम राशन मंगाने को कहा गया है। इधर एडीएम बीएल फिरमाल ने बताया कि मानसून की दस्तक से पहले सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं।