रानीखेत (अल्मोड़ा)। बिरंबू कप क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल कफड़ा की टीम के नाम रहा। फाइनल मुकाबले में कफड़ा ने शिलंगी एकादश की टीम को 84 रनों से हरा दिया। विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए। एरोड में आयोजित बिरंबू कप क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना को तरजीह देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर खेलने से ही प्रतिभा निखरती है। कफड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए 15 ओवर में 148 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिलंगी की टीम 10 ओवर भी नहीं खेल पाई और 64 रनों पर ढेर हो गई। मुख्य अतिथि व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी ने विजेता टीम को ट्राफी और 20 हजार रुपये नकद प्रदान किए। उपविजेता टीम को 10 हजार रुपये और ट्राफी दी गई।