अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के मल्ला सालम पट्टी के ग्रामीणों ने टिकरा के समीप सड़क की क्षतिग्रस्त दीवार को दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर चौबीस घंटे के भीतर इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
छाना फटक्वाल डुंगरा सड़क में ग्राम पंचायत टिकरा के समीप किमी नौ और दस में सड़क की दीवारें क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन विभाग लंबे समय बाद भी इसे ठीक नहीं कर सका है। इस स्थान पर सड़क धंस भी रही है। भार वाहन इस स्थान पर नहीं चल पा रहे हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने इस स्थान पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सड़क को ठीक करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में युकां के प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह धौनी, ध्यूली रौतेला के पूर्व प्रधान पूरन चंद्र गुरुरानी, जिला उपाध्यक्ष निर्मल रावत, करन धौनी, सुनील सिंह आदि शामिल हैं। ब्यूरो