अल्मोड़ा। लोअर मालरोड में सोमवार रात बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड, एसएसबी, आईटीबीपी को साढ़े चार घंटे लगे। लोअर मालरोड में कहीं भी हाइड्रेंट लाइन नहीं होने से अग्निशमन दल समेत आईटीबीपी के जवानों को पानी लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने के लिए सात टैंकर लगाए गए थे उसके बाद भी आग पर देर रात 12.30 बजे काबू पाया जा सका।
मालूम हो कि सोमवार रात आठ बजे लोअर मालरोड में कबाड़ के गोदाम में आग लगने की घटना के बाद अल्मोड़ा से अग्निशमन विभाग के दो, रानीखेत से एक, जल संस्थान के दो टैंकर, एक-एक एसएसबी और आईटीबीपी का वाहन आग बुझाने में लगा रहा। लोअर मालरोड में हाइड्रेंट लाइन नहीं होने से इस दौरान वाहनों में पानी खत्म होने पर टैंकरों को करीब दो तीन किमी दूर सर्किट हाउस से पानी लाना पड़ा।
घटना के वक्त पास में रहने वाले तीन परिवारों के घर भी खाली कराने पड़े थे। आग इतनी विकराल हो गई कि उसे काबू करने में रात के 12.30 बजे गए। इधर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि लोअर मालरोड क्षेत्र में आग बुझाने की व्यवस्था नहीं है। क्षेत्र में कहीं भी हाइड्रेंट लाइन नहीं होने से आग लगने पर उसमें काबू पाना मुश्किल होता है। सोमवार रात भी अग्निशमन वाहन में पानी खत्म होने के बाद वाहन दोबारा काफी देर बाद पानी लेकर पहुंचा।