अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के क्रम में स्कूली बसों और अन्य वाहनों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षमता से अधिक सवारी ले जाने पर कठोर कार्रवाई करने और इस संबंध में चेक लिस्ट सभी विद्यालयों को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मार्गों का ऑडिट कराने के लिए एक कमेटी भी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सितंबर से रोडवेज, केमू आदि वाहनों में चालक-परिचालक वर्दी पहनकर ड्यूटी देंगे।
जिलाधिकारी ने लोनिवि और परिवहन विभाग से संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटना के संभावित स्थलों को चिन्हित करने, सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए दो एंबुलेंस क्रय करने को भी कहा। साथ ही सभी वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने की कार्रवाई शुरू करने को भी कहा। बैठक में एसएसपी पी रेणुका देवी ने भी कई सुझाव रखे और ट्रैफिक नियमों का अधिकाधिक पालन पर ध्यान देने को कहा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आलोक जोशी ने शासन से प्राप्त निर्देशों के बारे में बताया। बैठक में आनंद सिंह बग्डवाल और गिरीश मल्होत्रा ने भी सुझाव रखे। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड हरीश पांडे, निर्माण खंड बीसी पंत, एनएच के बीआर टम्टा, विश्वमोहन गिरी, आबकारी अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक एचबी चंद, रोडवेज इंचार्ज केडी सनवाल, सीएमओ डा. विनीता शाह, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, परिवहन कर निरीक्षक प्रमोद चौधरी, सत्येंद्र भोज मौजूद थे।