चौखुटिया (अल्मोड़ा)। शिक्षक, प्रवक्ताओं की भारी कमी से जूझ रहे आदर्श इंटर कॉलेज जौरासी के प्रधानाचार्य को बीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। इससे गुस्साए जौरासी के ग्रामीणों ने रविवार को विद्यालय के प्रवेश द्वार पर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने प्रधानाचार्य को वापस जौरासी न भेजे जाने पर क्रमिक अनशन के साथ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में इंटर स्तर पर अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित, हिंदी, इतिहास, कृषि, संस्कृत सहित आठ प्रवक्ताओं के पद खाली हैं जबकि हाईस्कूल में दो पद खाली हैं। लिपिक, परिचारक, स्वच्छक का पद भी खाली है। इसके बावजूद प्रधानाचार्य आरके वर्मा किसी तरह शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने का कार्य कर रहे थे, लेकिन उन्हें 31 मार्च को 76 किमी दूर स्याल्दे ब्लॉक के बीईओ का अतिरिक्त कार्यभार दे दिया गया। इसके चलते विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन हो गया है। इसी से गुस्साए ग्रामीण प्रधानाचार्य को वापस भेजने की मांग कर रहे हैं। चारों ओर से निराश ग्रामीणों, अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने रविवार को स्कूल गेट के सामने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। लोगों ने खाली पदों में शिक्षकों की तैनाती के साथ ही प्रधानाचार्य को वापस भेजने की मांग की है। प्रदर्शन में पीटीए अध्यक्ष हंसा दत्त, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह, नारायण सिंह रावत, बीएस रावत, ख्याल सिंह, भगवत सिंह, राजेंद्र पटवाल, मोहन बिष्ट, संजय सिंह बिष्ट, राकेश पपनोई, ध्यान सिंह रावत, आनंद पटवाल, त्रिलोक सिंह आदि थे।
प्रधानाचार्य को बीईओ का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का विरोध
शिक्षक, प्रवक्ताओं के भी दस पद खाली
शिक्षक लगा रहे झाडू
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जीआईसी जौरासी में शिक्षक, प्रवक्ताओं के साथ ही परिचारकों के पांचों पद, लिपिक का पद भी खाली है। इसके चलते शिक्षकों को शिक्षणेतर कर्मचारियों का काम भी करना पड़ रहा है। पीटीए अध्यक्ष हंसा दत्त का कहना है शिक्षकों की कमी, प्रधानाचार्य का बीईओ बनाने से अध्ययनरत 465 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह से चौपट होने की स्थिति में है।