अल्मोड़ा। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में छोटी जेसीबी और मेडिकल वेस्ट के लिए मशीन खरीदने के साथ ही विश्वनाथ घाट में छत समेत शवदाह स्थल बनाने का प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान विभिन्न वार्डों के सभासदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को भी सामने रखा। जिस पर बोर्ड ने वार्डों की समस्याओं का जल्द निपटारा करने की बात कही।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में बारिश के दिनों में विश्वनाथ में शवदाह के दौरान होने वाली दिक्कतों को देखते हुए वहां शवदाह स्थल बनाने का निर्णय लिया गया। बोर्ड बैठक में एक छोटी जेसीबी और मेडिकल वेस्ट के लिए मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी पास किया गया। जेसीबी का प्रयोग शहर में जगह-जगह लगे मिट्टी और कूड़े के ढेर हटाने के अलावा अतिक्रमण हटाने में भी किया जाएगा। इसके अलावा एनटीडी में स्थित कम्पेक्टर मशीन को ट्रंचिंग मैदान में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बोर्ड बैठक में नगर के सार्वजनिक स्थानों में भित्ती चित्र बनाने का भी प्रस्ताव पास हुआ।
उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग मैदान के लिए आरईएस को जिला योजना से 12 लाख रुपये मिल चुके हैं। वन विभाग ने यह राशि आरईएस को दे दी है। बोर्ड बैठक में अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. डेनियल, सभासद अशोक पांडे, विद्या बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, मुकेश नेगी, सचिन आर्या, हेम तिवारी, राजेंद्र तिवारी के अलावा सभी वार्डों के सभासद, पालिका कर्मचारी मौजूद थे।