अल्मोड़ा। वर्तमान नगर पालिका परिषद का पांच साल का कार्यकाल बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। आखिर दिन पालिका कार्यालय में अन्य दिनों की तरह कामकाज हुआ और कोई खास फैसला नहीं लिया गया।
हालांकि जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और अधिशासी अधिकारी के साथ बैठक करके नगर में नए पार्किंग स्थल विकसित करने के लिए सुझाव मांगे। जिसमें तय हुआ कि माल रोड में लिंक मार्ग के निकट ट्रक स्टैंड के लिए प्रस्तावित जगह पर वाहनों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। नगर में कुछ अन्य स्थानों पर भी पार्किंग स्थल विकसित करने का फैसला हुआ।
पालिका परिषद में अंतिम दिन कई लोग अपने रुके हुए कार्य करवाने पहुंचे थे। हालांकि पालिका कार्यालय में खास भीड़ नहीं देखी गई। जिलाधिकारी कार्यालय में एक बैठक से लौटने के बाद पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी पूरे दिन कार्यालय में ही रहे और उन्होंने जरूरी फाइलें निपटाईं। शाम के वक्त पालिकाध्यक्ष और सभासदों को स्वायत्तशासी कर्मचारी संगठन और स्वच्छकार कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने विदाई दी। उन्होंने पालिका बोर्ड के कार्यकाल की सराहना करते हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और सभासदों का आभार जताया।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी नेम बताया कि आखिर दिन कोई विशेष निर्णय नहीं लिए गए और रोज की तरह काम काज निपटाया गया। उधर द्वाराहाट नगर पंचायत का कार्यकाल बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। नगर पंचायत अध्यक्ष विमला शाह रोज की तरह कार्यालय गईं और वहां तमाम कार्य निपटाए। हालांकि कार्यालय में ईओ नहीं थे, वह छुट्टी पर चल रहे हैं। इसके अलावा वहां कोई खास कार्य नहीं हुए।