अल्मोड़ा। कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था पर पैनी निगाह रखें, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। निर्देश दिए कि 50 लाख से अधिक की निर्माण योजनाओं का डीएम और सीडीओ कार्यदायी संस्था की मौजूदगी में निरीक्षण करें। शासन के निर्देशानुसार सोमवार को जनता दरबार और तहसील दिवस लगाकर जनता की समस्याएं सुनें।
उन्होंने कहा कि तहसील दिवस के दौरान एक या दो मोबाइल टीम भी बनाई जाएं जो फरियादियों की समस्याओं का निरीक्षण कर मौके पर जाकर निस्तारण करें, ताकि अधिक से अधिक लोग समस्याएं दर्ज कराने आ सकें। यदि डीएम अपरिहार्य कारणों से जिला मुख्यालय में अनुपस्थित रहते हैं तो एडीएम को कार्यालय में बैठने के लिए निर्देशित करें।
गरमी के सीजन में पेयजल, विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस योजनाएं बनाएं। बरसात से पूर्व सड़कें दुरुस्त करें। मरम्मत कार्य करते समय बोर्ड लगाकर कार्य प्रारंभ और समाप्ति की तिथि अंकित करें। समाप्ति की तिथि तक कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
डीएम और एसएसपी को निर्देश दिए कि समय-समय पर तहसीलों और थानों का निरीक्षण कर आख्या भेजें। साथ ही राजस्व पुलिस के आधुनिकीकरण के निर्देश दिए। नए भर्ती राजस्व उप निरीक्षकों का प्रशिक्षण पुलिस विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में कराया जाए, ताकि उन्हें पुलिस के कार्यों के अनुरूप कार्य करने का अनुभव हो सके।
संचार समस्याओं के समाधान के लिए बीएसएनएल और अन्य मोबाइल आपरेटरों के साथ बैठक करें। पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन पर जोर देते हुए ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग, नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, सीडीओ मयूर दीक्षित, एडीएम केएस टोलिया, डीडीओ मो. असलम, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, एसई जल संस्थान केएस खाती आदि मौजूद थे।