अल्मोड़ा। पालिका बोर्ड की मासिक बैठक में पंचवर्षीय मूल्यांकन निर्धारण में भवन कर 25 प्रतिशत के बजाए 20 प्रतिशत ही बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि इससे लोगों को राहत मिलेगी और घटे हुए मूल्यांकन के आधार पर जल मूल्य भी कम होगा।
बैठक में कहा गया कि जल संस्थान द्वारा पेयजल मूल्य में हर साल बढ़ोत्तरी करने से नगर के लोग परेशान हैं। सरकार द्वारा भी जनता की मांगों पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बैठक में कहा गया कि भवन कर के आधार पर पेयजल का मूल्य निर्धारण किया जाना न्याय संगत नहीं है। बैठक में वर्ष 2012 में आयोजित शरदोत्सव में तत्कालीन पालिकाध्यक्ष द्वारा एक फर्म से मंगाए गए 85 हजार के गिफ्ट तथा प्रतीक चिन्ह के रुके हुए भुगतान के लिए भी सहमति दी गई। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पालिका सभासद राधा नेगी, विद्या बिष्ट, सरिता टम्टा, कंचन भट्ट, राजेंद्र तिवारी, हेम तिवारी, जगमोहन बिष्ट, अधिशासी अधिकारी श्यामसुंदर प्रसाद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. डेनियल, लक्ष्मण सिंह भंडारी आदि थे।