अल्मोड़ा। ब्लास्ट पर रोक के बावजूद लमगड़ा विकासखंड के अंतर्गत अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग के टकोली बैंड से भट्यूड़ा, छतोला, बलमा आदि गांवों से होकर उड्यूड़ा तक के लिए बन रहे मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर ब्लास्टिंग की जा रही है। ब्लास्टिंग से आसपास के के इलाकों को भी खतरा होने लगा है। लोगों का आरोप है कि रोक के बावजूद चट्टान तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन टाटिक-उड्यूड़ा मार्ग के निर्माण में चट्टानों को तोड़ने के लिए खुलेआम ब्लास्टिंग करने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि चट्टानें तोड़ने के लिए आए दिन हो रहे विस्फोट से पत्थर और अन्य तरह का मलबा लोगों के खेतों में घुस रहा है। जिससे फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
साथ ही विस्फोट के कारण छतोला, भट्यूड़ा आदि गांवों में लोगों के घरों में दरारें आने का खतरा पैदा हो गया है। छतोला गांव के लोगों ने बताया कि इस बारे में निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और निर्माणकर्ताओं से बात की गई, लेकिन ब्लास्टिंग नहीं रोकी जा रही है। लोगों ने ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इधर उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि इस बारे में ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने पर जांच कराई जाएगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।