अल्मोड़ा। बारिश नहीं होने से जिले में सूखे के हालत हैं। रबी के सीजन में नाममात्र बारिश होने से फसलों का जमाव और अंकुरण प्रभावित हुआ है। इससे उत्पादन पर भी असर पड़ने की संभावना है। कृषि विभाग ने सूखे से फसलों को हुई क्षति के सर्वे के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित कर दी हैं। टीमों को एक पखवाड़े के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
रबी के सीजन में जिले में पांच से दस मिमी ही बारिश हुई है। इस सीजन में जिले में में गेहूं 44 हजार हेक्टेयर, सरसों 1500 हेक्टेयर, तोरिया 1200 हेक्टेयर, मसूर ढाई हजार हेक्टेयर, मटर 500 हेक्टेयर क्षेत्र में बोया गया है। इस सीजन में फसलों को कुल 342 मिमी बारिश की जरूरत होती है, परंतु पर्याप्त बारिश नहीं हो से सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। फसलों का जमाव और अंकुरण प्रभावित होने से काश्तकार परेशान हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी ग्यारह ब्लॉकों में सूखे से हुई क्षति के आंकलन के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। टीमों में सहायक कृषि अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) और संबंधित क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक को शामिल किया गया है। टीमों को एक पखवाड़े के भीतर फसलों को सूखे से हुए नुकसान की रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।