अल्मोड़ा। अल्मोड़ा महोत्सव में स्थानीय लोक कलाकारों को मानदेय नहीं देने के फैसले से नाराज लोक कलाकारों ने रविवार को भी चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि अल्मोड़ा महोत्सव में जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय कलाकारों और टीमों से कार्यक्रम तो कराए जा रहे हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें मानदेय नहीं देने का फैसला लिया गया है। जबकि बाहरी स्थानों से आने वाले कलाकारों को पूर्ण मानदेय दिया जा रहा है।
कुमाऊं लोक कलाकार महासंगठन के अध्यक्ष शेखर जोशी ने कहा कि जिला प्रशासन का पक्षपात पूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महासचिव गोपाल सिंह चम्याल ने जिला प्रशासन द्वारा इस मामले में सकात्मक निर्णय नहीं लेने पर प्रदेश व्यापी आंदोलन करने की चेतावनी दी।
धरने पर संगठन के महासचिव गोपाल सिंह चम्याल, उपाध्यक्ष विमला बोरा, देवेंद्र भट्ट, नरेश बिष्ट, विनोद कुमार, रितिक नयाल, गौरव, गीता सिराड़ी, ललित पांडे, महेंद्र मेहरा, विक्रम सिंह, शेखर, गोकुल सिंह, भानू साह, कमलेश, रेखा पूना, ममता वाणी, किरन बिष्ट, भावना नगरकोटी, विनीत बिष्ट, मनीष जोशी आदि बैठे। कांग्रेस सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आशीर्वाद गोस्वामी ने कलाकारों के आंदोलन को समर्थन दिया।