अल्मोड़ा। सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की राजकीय संग्रहालय सभागार में हुई बैठक में वक्ताओं ने नगर में रसोई गैस की होम डिलीवरी करने की मांग की।
उन्होंने पानी के बिल में प्रतिवर्ष 11 प्रतिशत वृद्धि करने पर नाराजगी जताई। भवन कर के आधार पर पानी का बिल निर्धारित न कर खर्च के मापन के लिए मीटर लगाया जाए। उन्होंने कहा कि समिति के प्रयासों से नगर में जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगाए गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों द्वारा कई स्थानों पर स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए हैं। उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बढ़ती वाहन दुर्घटनाओं के मद्देनजर चालकों के लाइसेंस और उनके नशे में होने की जांच करने की भी मांग की।
उन्होंने नगर के चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क को अवकाश और रविवार के दिन बंद रखने पर नाराजगी जताई। उन्होंने भारतीय सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के विरुद्ध की गई एफआईआर रद करने, भूतपूर्व सैनिकों को दी जाने वाली सुविधा पैरामिलट्री के भूतपूर्व कर्मचारियों को भी देने की मांग की।
अध्यक्षता डा. पीसी जोशी ने और संचालन समिति के सचिव पीएस मेहरा ने किया। बैठक में राजेंद्र प्रसाद, मनोहर सिंह नेगी, रूप सिंह बिष्ट, नवीन चंद्र जोशी, मनोहर लाल, गंगा सिंह, पीएस मेहरा, डा. पीसी जोशी, नंदन सिंह बिष्ट, सतीश चंद्र पंत आदि मौजूद थे।