अल्मोड़ा। रक्षाबंधन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्व के चलते बाजार में काफी रौनक दिखाई दे रही है। पिछले साल की तरह इस बार बाजार में चाइनीज राखी कम देखने को मिल रही है। हालांकि राखियों के दाम थोड़ा-बहुत बढ़ जरूर गए हैं।
बाजार में जगह-जगह दुकानें रंगबिरंगी राखियों से सजी हैं। सस्ते धागे में तैयार एक रुपये से लेकर 400 रुपये तक की महंगी राखी भी लोग खरीद रहे हैं। विरोध के चलते इस बार बाजार में चाइनीज राखियां कम हैं। इस बार बच्चों को लुभाने वाली राखी का आकर्षण ज्यादा है। टैडीबियर, गुड़िया, डोरीमौन, एंग्री बर्ड, म्यूजिक राखी, घड़ी, लाइटिंग और फॉम युक्त कार्टून सरीखी राखी बहने छोटे भाइयों के लिए अधिक खरीद रही हैं। राखी विक्रेता भानू साह और गिरीश धवन ने बताया कि बाजार में चार सौ रुपये मूल्य तक की राखियां भी मौजूद हैं। इधर, शनिवार दोपहर के समय कुछ देर बारिश रुकने के दौरान बाजार में काफी भीड़ देखने को मिली। नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जमकर खरीददारी की। गिफ्ट सेंटरों और मिठाई की दुकानों से भी लोग खरीददारी करते दिखे।