भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष विधायक अजय भट्ट ने कहा है कि मुख्यमंत्री हरीश रावत उनकी हत्या का षड्यंत्र रच रहे हैं। कहा कि शांतिपूर्ण धरने में जिस तरह कांग्रेसी कार्यकर्ता नकाब पहनकर आए यह इसी ओर इशारा कर रहा है। पूर्व में भी मुख्यमंत्री दो बार इस तरह का षड्यंत्र रच चुके हैं, लेकिन भाजपा प्रदेश की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करेगी।
एसडीएम कार्यालय परिसर में मीडिया से मुखातिब नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने कहा कि खरीद फरोख्त कर सरकार बनाने वाले मुख्यमंत्री हरीश रावत के शासनकाल में माफिया फिर हावी हो गए हैं। स्टिंग ऑपरेशन में जान फंसती देख मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में सीबीआई जांच खारिज करा दी है। इससे साफ जाहिर है कि सीएम डरे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत उनकी हत्या कराने की साजिश रच रहे हैं। किसी भी दल के पूर्व घोषित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में नकाब पहनकर आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से अराजकता का प्रदर्शन किया उससे यही जाहिर होता है। प्रदेश में गुंडागर्दी का माहौल बढ़ता जा रहा है। खनन मामले में पांच साल तक छूट दे दी है।
वैमनस्यता वाले बयान न दें भट्टः सुरेंद्र कुमार
हरीश रावत
- फोटो : AmarUjala
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार सुरेंद्र कुमार ने नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के बयान पर पलटवार किया और कहा कि लोकतंत्र की हत्या की कोशिश जैसे पाप और राज्य को करोड़ों का नुकसान करवाने के बाद भट्ट ऐसी बातें कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम संघीय व्यवस्था में एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। कटुता एवं वैमनस्यता पर विश्वास नहीं करते। केन्द्र सरकार व राज्य सरकार एक दूसरे साथ मिलकर कार्य करे, तभी राज्य का विकास हो सकता है।
राज्य सरकार केन्द्र सरकार के साथ पार्टनर के रूप में कार्य करना चाहती है, इसके लिए जरूरी है कि हम सभी संघीय व्यवस्थाओं के तहत एक-दूसरे का सम्मान करें।
रानीखेत में सियासी घमासान, नेता प्रतिपक्ष का धरना
डीजीपी को ज्ञापन सौंपने भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : AmarUjala
सोमवार को शुरू हुआ सियासी घमासान दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अराजकता का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट समर्थकों के साथ मंगलवार सुबह तहसील मुख्यालय पर धरने पर बैठ गए। तभी कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने काले झंडे लहराते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गेट के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्कामुक्की हुई।
धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर जमकर प्रहार किए। मुख्यमंत्री हरीश रावत पर कार्यकर्ताओं को दबंगई का लाइसेंस देने का आरोप मढ़ा। कहा कि अराजकता करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ वह एफआईआर दर्ज कराएंगे।
इसकी खबर देहरादून पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इस बैठक में हंगामा कर मारपीट व हाथापाई करने की कोशिश की।