उत्तराखंड में आए जलप्रलय से समूचा देश सहमा हुआ है, लेकिन भगवान बदरीनाथ में लोगों की आस्था रत्तीभर भी कम नहीं हुई है। धाम में आगामी डेढ़ माह तक महाभिषेक पूजा और आरती की एडवांस बुकिंग भी हो रही है।
पढ़े, उत्तराखंड की खबरों की विशेष कवरेज
बरेली के एक श्रद्धालु ने नौ जुलाई से एक माह तक धाम में प्रतिदिन आठ हजार एक सौ एक रुपये की महाभिषेक पूजा की बुकिंग की है। देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भी विष्णु सहस्त्रनाम पाठ, महाभिषेक पूजा, शयन-आरती और रात्रि पाठों की एडवांस बुकिंग बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कराई है।
कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री संतोष लार्ड ने सात दिन की पूजा की बुकिंग कराई है। 21 जून से कलकत्ता के संदीप अग्रवाल के नाम से धाम में महाभिषेक पूजा संपन्न हो रही है। बरेली के श्रद्धालु प्रभात टंडन ने एक माह तक परिवार के 20 सदस्यों के नाम से प्रत्येक दिन आठ हजार रुपये का महाविद्या पाठ करने की बुकिंग कराई हैं।
मंदिर के दान भेजना जारी है
श्रद्धालु द्वारा मंदिर समिति को दो लाख इक्यावन हजार एक सौ इक्कीस रुपये भी भेज दिए गए हैं। दिल्ली के श्रद्धालु दिनेश गोयल ने बदरीविशाल की सहस्त्रनाम आरती के लिए गुप्तदान भेजा है। गुड़गांव के राजीव गुप्ता ने धाम में एक माह के लिए 50 किलो चंदन के लिए धनराशि भेजी है। ऐसे ही दिल्ली, गुजरात, देहरादून, असोम, केरल से भी श्रद्धालु मंदिर समिति और धर्माधिकारियों से बदरीविशाल की कुशलक्षेम पूछ रहे हैं।
बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि उत्तराखंड आपदा का भगवान बदरीविशाल की पूजाओं पर कोई असर नहीं हुआ है। धाम में नित्य पूजाएं संपन्न हो रही हैं। पूजाओं की एडवांस बुकिंग हो रही है।