श्रीमद्भागवत कथा से पहले कलश यात्रा के साथ नदी का जल लेने गए दो युवक नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ गए लोगों ने युवकों के परिजनों और पुलिस को इस घटना की सूचना दी तो पुलिस ने गोताखोर बुलाकर युवकों की तलाश कराई। घंटों मशक्कत के बाद देर शाम दोनों के शव निकाले जा सके।
ब्लॉक भदपुरा के पनबढ़िया इलाके के जलालपुर गांव में मंगलवार से श्रीमद्भागवत कथा शुरू होनी थी। इससे पहले कलश यात्रा निकाली गई। गांव से युवाओं का जत्था कैलाश नदी से जल लेने गया। लोग नदी में नहाने लगे। इसी बीच गांव के ओम प्रकाश (20) पुत्र भजनलाल और सतीश चंद्र (18) पुत्र तुलाराम गहरे पानी मे चले गए। ग्रामीणों के अनुसार, नदी में एक गहरा कुंड है।
बताया जाता है कि उसी में दोनों युवक डूब गए। बाद में गोताखोरों ने युवकों के शव निकाले। घटना से गांव में सन्नाटा है और दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मचा है। शोक के कारण गांव में भागवत कथा भी स्थगित कर दी गई है।