अब किताबें सिर्फ पढ़ीं नहीं जाएंगी, उन्हें सुना भी जा सकेगा। यह संभव
होने जा रहा है कि भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान की मदद से। इस खूबी
से युक्त ई-मीडिया सेक्शन का उद्घाटन संस्थान के स्थापना दिवस पर सोमवार को
किया गया।
संस्थान की लाइब्रेरी में स्थित इस सेक्शन में दुनिया भर के नवीनतम जरनल और पुस्तकों को ऑनलाइन पढ़ा जा सकता है। साथ में उनमें छपे मैटर को सुना भी जा सकता है।
संस्थान के पंद्रहवें स्थापना दिवस पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इसमें सभी तरह के संगीत की धूम रही। निदेशक डॉ.एमडी तिवारी ने संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस मौके पर संस्थान के 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। इनके अलावा आठ छात्र क्लबों के पदाधिकारियों को भी पुरस्कृत किया गया। संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर दयाल ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर व्याख्यान दिया।
ई-लाइब्रेरी ने बढ़ाया ज्ञान का दायरा
नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में डॉ.एसआर रंगनाथन का जन्म दिन सोमवार को पुस्तकालय दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने पुस्तकालय के प्रति बढ़ती उदासीनता पर चिंता जताई।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ.वीके सिंह ने ई-बुक, ई-लाइब्रेरी की उपयोगिता पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इससे ज्ञान प्राप्त करने के असीमित अवसर उपलब्ध हुए हैं। कुलपति प्रोफेसर केपी मिश्रा ने लाइब्रेरी की उपयोगिता पर चर्चा की। कार्यक्रम में डॉ.आलोक त्रिपाठी, डॉ.एसआर रंगनाथन, वैशाली राय, डॉ.हिमांशु शेखर सिंह आदि ने भी संबोधित किया।