डौंडियाखेड़ा के राव राम बक्स सिंह के किले में शनिवार को पुरातत्व विभाग की टीम ने साढ़े आठ घंटे में कुल पचपन सेंटीमीटर खुदाई की। अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान एक मीटर चौड़ी दीवार मिली है। पांच वर्गमीटर के दायरे में खुदाई कराई जा रही है।
पहले दिन सिर्फ पंद्रह सेंटीमीटर खुदाई हुई थी। सुबह किले की ओर जाने से रोकने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
शनिवार को एएसआई की 18 सदस्यीय टीम ने दोपहर एक बजे खुदाई शुरू की। इस दौरान सिर्फ पुलिस अधिकारी किला परिसर में मौजूद रहे। शाम साढ़े पांच बजे एसडीएम बीघापुर विजय शंकर दुबे ने बताया कि दूसरे दिन कुल 55 सेंटीमीटर जमीन की खुदाई हुई है। खुदाई के लिए दो ब्लॉक बनाए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, किला परिसर में खुदाई के दौरान एक मीटर चौड़ी दीवार मिली है। एएसआई की टीम अभी दीवार के अगल-बगल साफ सफाई कर रही है।
हालांकि एसडीएम बीघापुर ने इस संबंध में कोई जानकारी देने से मना कर दिया। शनिवार सुबह बैरिकेडिंग तोड़कर कुछ लोगों ने वर्जित क्षेत्र में घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने सख्ती से उन्हें रोक दिया।
नाराज होकर वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। डौंडिया खेड़ा गांव के बाहर ही पुलिस और पीएसी के जवान लोगों को रोकते रहे। बाबूजी के शिवाला के सामने और पगडंडियों पर डेरा जमाए दुकानदारों को भी पुलिस ने खदेड़ दिया।
एक दिन पहले भी घुसने की कोशिश कर रहे तमाशबीनों के साथ पुलिस को सख्ती करनी पड़ी थी। किला परिसर की सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। शनिवार को रायबरेली और कानपुर से और पीएसी जवान मंगा लिए गए।
बांदा में शिवराम बाबा का मंदिर खोदा
बांदा के पिपरहरी क्षेत्र में सोना-चांदी मिलने की आस में चोरों ने शिवराम बाबा के अति प्राचीन मंदिर की खुदाई कर उसे तहस-नहस कर दिया। पैलानी के जंगल के करीब महराजपुर खेर स्थित इस सैकड़ों वर्ष पुराने मंदिर में चोरों को सोना-चांदी भरे कलश और घड़े दबे होने की जानकारी मिली थी।
फतेहपुर में महंत को बंधक बना चबूतरा खोदा
फतेहपुर के गांव आदमपुर में ख्वाबों के खजाने की तलाश में चोरों ने शुक्रवार देर रात गंगा किनारे स्थित मंदिर का चबूतरा खोद डाला। पुलिस की लापरवाही से राम जानकी गंगा पक्का घाट के आश्रम के महंत को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया गया। सुबह पुलिस ने गड्ढा पाटकर मामला रफादफा करने की कोशिश की। चोरो ने महंत को भोर तक बंधक बनाए रखा।