प्रमोशन में आरक्षण के खिलाफ सोमवार को कर्मचारियों का आंदोलन और उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर तोड़फोड़ मचाई और सिर मुड़ाकर विरोध जताया। कर्मचारी नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस, भाजपा और बसपा जैसे दलों को आगामी लोकसभा चुनाव में सबक सिखाया जाएगा और उनके एक भी प्रत्याशी को संसद नहीं पहुंचने दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के कारण सचिवालय के साथ इंदिरा भवन, जवाहर भवन, सिंचाई विभाग और लोकनिर्माण विभाग में कोई कामकाज नहीं हो सका। सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कामकाज ठप रखा। उधर, आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने प्रमोशन में आरक्षण का बिल राज्यसभा में पास होने पर खुशी जताते हुए दलित समाज के लिए इसे ऐतिहासिक दिन करार दिया है। समिति की ओर से कहा गया है कि यदि आरक्षण विरोधी आगे भी हड़ताल जारी रखेंगे तो पूर्व की तरह आरक्षण समर्थक चार घंटे अतिरिक्त कार्य करते रहेंगे।