सोनभद्र जिले के बैढ़न-रेणुकूट मार्ग पर शुक्रवार रात ट्रक खराब होने से लगे करीब 12 घंटे के जाम में एंबुलेंस के फंस जाने से एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार की रात रजमिलान गांव के नाबालिग सिंह (22) की मौत हो गई जबकि उसके पिता कौलेसर सिंह की हालत खराब हो गई। दोनों बिजली गिरने से झुलस गए थे।
आंधी के बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे इलाके में गरज के साथ बरसात शुरू हुई। इसी दौरान रजमिलान गांव निवासी कौलेसर सिंह के घर के समीप बिजली गिरी। इसकी चपेट मेें आकर कौलेसर और उसका पुत्र नाबालिग सिंह झुलस गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे पिता- पुत्र को एंबुलेंस से उपचार के लिए एनटीपीसी के धन्वंतरि चिकित्सालय ले जाने का प्रबंध किया। लेकिन बैढ़न-रेणुकूट मार्ग पर ट्रक के खराब होने से लंबा जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस फंस गई।
जाम बहुत लंबा होने के चलते युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसके पिता की हालत बिगड़ गई। कौलेसर का उपचार अस्पताल मेें चल रहा है। परिजनों के अनुसार नाबालिग सिंह की शादी बीते एक मई को रजमिलान गांव के ही रामजीत की पुत्री से हुई थी। घटना की जानकारी दुद्धी उपजिलाधिकारी को भी दे दी गई है।