घटना के बाद रोते- बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
हरहुआ क्षेत्र में पिछले हफ्ते सड़क हादसे में घायल नगर निगम संविदा सफाई कर्मी सत्य प्रकाश राजभर (32) की सोमवार देर रात मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित परिजनों और सफाई कर्मियों ने मंगलवार सुबह 8.30 बजे चांदमारी के पास टीएफसी तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। तीन घंटे प्रदर्शन में 35 लाख मुआवजा, पत्नी को नौकरी व तत्काल सहायता राशि की मांग पर परिजन अड़े रहे। अपर नगर आयुक्त सविता यादव के आश्वासन पर परिजन माने।
शिवपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी चांदमारी की तहरीर पर तीन नामजद और 60 अज्ञात पर चक्का जाम के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बड़ागांव थाना क्षेत्र के प्रयागपुर नोनौटी निवासी सत्य प्रकाश राजभर नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मी थे।
सात अक्तूबर को काजीसराय हरहुआ पुल पर झाड़ू लगा रहे थे। सामने से तेज रफ्तार बाइक ने सत्यप्रकाश को टक्कर मार दी। निजी अस्पताल में सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। कैंट, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर की तीन थानों की फोर्स तैनात रही।
एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने परिजनों को समझाया। पिता लालजी राजभर और मां पार्वती का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी पूनम देवी बदहवास थी। सत्य प्रकाश की दो बेटियां श्रेया हैं। तीन भाइयों मेंत्त्य प्रकाश सबसे बड़ा था। पत्नी पूनम देवी ने पुलिस से कहा कि पति सत्यप्रकाश का गणेशपुर वार्ड नंबर 14 में ड्यूटी थी। जबकि उनकी ड्यूटी नगर निगम सीमा से बाहर लगा दी गई थी।