युवक की मौत की सूचना मिलने पर लंका पुलिस ने शिवपुर पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। मृतक के पिता पवन सेठ ने आरोप लगाया कि गिलट बाजार निवासी एक युवक की गोली से उनके बेटे को चोट लगी थी। उनका कहना है कि आयोजन से जुड़े लोग और बेटे के दोस्त ही इलाज करा रहे थे, इसलिए उन्हें विश्वास था कि वह स्वस्थ होकर घर लौट आएगा।
अब शिवपुर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई, फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। पूछताछ के लिए पुलिस ने लॉन संचालक, कर्मचारियों और मृतक के एक दोस्त को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।