दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर कबीर नगर कॉलोनी स्थित आवास विकास की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से संदिग्ध हाल में जमीन पर गिरे एक युवक की मौत हो गई। रविवार की सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चर्चा रही कि युवक किसी महिला से मिलने आया था। दरवाजा न खुलने पर वह बालकनी के रास्ते फ्लैट में प्रवेश कर रहा था। उसी दौरान छज्जा भहरा कर गिर गया और उसके साथ सिर के बल गिरे युवक की मौत हो गई।
चंदौली जिले के के मुगलसराय थाना क्षेत्र के अमोघपुर गांव निवासी शिवचंद प्रसाद का बेटा प्रभात कुमार (36) प्राइवेट नौकरी करता था। रविवार की सुबह प्रभात का खून से लथपथ शव दुर्गाकुंड पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर कबीर नगर में आवास विकास की एक बिल्डिंग के सामने पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने प्रभात की जेब से मिले आईडी कार्ड से उसके शव की पहचान की। प्रभात का हेलमेट और बाइक भी समीप ही खड़ी थी और उसके कंधे पर बैग था। उसके बैग में कुछ कपड़े और अन्य सामान थे। पुलिस को परिजनों ने बताया कि दो बच्चों का पिता प्रभात घर में एक दोस्त की शादी में जाने की बात कह कर निकला था। वहीं, पुलिस की तलाशी में प्रभात की जेब से कुछ आपत्तिजनक दवाइयां भी मिलीं। उधर, इस संबंध में एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि युवक तीसरी मंजिल से नीचे कैसे गिरा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
जितने मुंह उतने तरह की चर्चाएं होती रहीं
युवक की मौत को लेकर स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते देखे गए। कुछ लोगों का कहना था कि जिस महिला से युवक मिलने आया था वह उससे दूरी बनाने लगी थी। इसी वजह से वह दरवाजा नहीं खोली और युवक को छज्जे का सहारा लेकर बालकनी के रास्ते फ्लैट में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस संबंध में भेलूपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के क्रम में घटना के संबंध में संबंधित सभी लोगों से पूछताछ कर वास्तविकता सामने लाई जाएगी।