प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रकरण को लेकर रौना खुर्द स्थित श्रीकृष्ण महाविद्यालय के विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर चोलापुर थाने में यशवीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विनोद कुमार के अनुसार, एक लैंडलाइन नंबर से फोन आया था। फोन कर बताया गया कि यशवीर सिंह नामक व्यक्ति श्रीकृष्ण महाविद्यालय के नाम पर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल का डोंगल बनवा कर 2021-22 से विभिन्न छात्र-छात्राओं का स्कॉलरशिप का डेटा अग्रसारित कर रहा है। इसके साथ ही वह मोबाइल नंबर भी बताया गया जिसमें ओटीपी जा रहा था। हकीकत यह है कि यशवीर सिंह और सूची में उल्लेखित छात्र-छात्राओं का श्रीकृष्ण महाविद्यालय से कोई संबंध ही नहीं है। इस संबंध में चोलापुर थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।