संवाद न्यूज एजेंसी
सुरेरी। क्षेत्र के सुरेरी गांव में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी गंभीर रूप से झुलस गए। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में मातम का माहौल है।
पंकज सिंह की भैंस चरते-चरते घर के बगल में हरे चारे के खेत में पहुंच गई। भैंस को हांकने के लिए पंकज सिंह खेत में गए थे। खेत में फैले करंट की चपेट में आने से वह झुलस गए। पिता को बचाने के लिए उनके पुत्र हर्ष सिंह (23) पहुंचे, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला।
उपचार के लिए भदोही के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया। जबकि पिता पंकज सिंह का उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हरे चारे वाले खेत के ऊपर से गुजर रहा 440 वोल्ट का विद्युत तार काफी नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को खेत में पानी भरा होने के कारण करंट फैल गया।
प्रभारी थाना अध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। विद्युत विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्या ने बताया कि तार लटकने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।