प्रिंस सेंट जांस मड़ौली में कक्षा 10 का छात्र था (फाइल फोटो)।
पुलिसकर्मियों की लापरवाही और ट्रक चालकों की मनमानी के चलते बुधवार रात दो परिवारों के चिराग बुझ गए। देर रात चांदपुर चौराहे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों इकलौते पुत्र थे। इसे लेकर 15 दिन में इस मार्ग पर चार मौतें हो गई हैं। रात में पुलिसकर्मियों की लापरवाही हद दर्जे की होती है। शाम ढलते ही यातायात पुलिसकर्मी अपने प्वाइंट से हट जाते हैं और फिर सुबह लौटते हैं। पुलिसकर्मियों की न होने पर हाईवे पर चालक मनमानी तरीके से वाहन चलाते हैं। इनके बीच से गुजरना जान पर खेलना है।
मंडुआडीह के मड़ौली निवासी प्रिंस जॉन (19) अपने मित्र अमन कुजूर (18) निवासी लंका के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने गया था। दोनों देर रात बाइक से लौट रहे थे। चांदपुर चौराहे के पास बाइक शहर से मोहनसराय की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई। दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सौ नंबर की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक आजमगढ़ निवासी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक भी पुलिस के कब्जे में है। प्रिंस सेंट जांस मड़ौली में कक्षा 10 का छात्र था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। उसके घर पर ताला लगा है। प्रिंस के पिता जान प्रकाश हैं। परिवार वाले अब तक नहीं पहुंचे हैं। अमन कुजूर के पिता अलबिनो कुजूर डीरेका के लेखा विभाग में कार्यरत हैं।