चोलापुर क्षेत्र के धरसौना बाजार स्थित बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से ट्रॉली चालक की मौत हो गई। बबियाव (कमना) निवासी 55 वर्षीय हरिनाथ राम बुधवार को धरसौना बाजार में ट्रॉली पर परचून का समान लाद रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद हरिनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रोहनिया थाना क्षेत्र के करसड़ा पोखरा के पास पेड़ से लटकता एक व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। संवाद